सक्ती, 21 अक्टुबर 2026// छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर प्रारंभ की गई “श्री रामलला दर्शन (अयोध्याधाम) योजना” के अंतर्गत प्रदेश के श्रद्धालुओं को नि:शुल्क अयोध्या धाम में प्रभु श्री रामलला के दर्शन का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

योजना के तहत प्रत्येक जिले से चयनित श्रद्धालुओं को विशेष ट्रेन के माध्यम से सुविधाजनक यात्रा कराई जा रही है। इसी क्रम में सक्ती जिले से 36 श्रद्धालुओं का दल अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। कलेक्टर श्रीमती जय श्री जैन के निर्देशन में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में श्रद्धालुओं को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम के लिए रवाना किया गया।

जिला प्रशासन की ओर से तीर्थ यात्रा शाखा प्रभारी ने बताया कि नोडल अधिकारी शिवशंकर भगत (प्राचार्य) की देखरेख में सक्ती, डभरा, मालखरौदा और जैजैपुर से कुल 36 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ है। प्रस्थान के समय श्रद्धालु अपने आराध्य प्रभु श्री रामलला के दर्शन की उत्सुकता में 'जय श्री राम' और 'जय अयोध्या धाम' के जयकारे लगा रहे थे। अयोध्या धाम रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने इस विशेष अवसर के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के अधिवक्ता चितरंजय पटेल, नायब तहसीलदार पद्मलोचन पटेल, सांसद प्रतिनिधि श्री संजय रामचंद्र, अधिवक्ता श्री पीयूष राय सहित जिले के विभिन्न जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।